
पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा और धालभूमगढ़ प्रखंड की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा यानी JLKM के कोल्हान प्रमंडल के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को छह सूत्री ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कोल्हान प्रमंडल के उपाध्यक्ष कलन महतो और रविंदर कुमार महतो ने किया।
ज्ञापन में सुवर्णरेखा नदी के कटाव से प्रभावित किसानों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। JLKM ने प्रभावित किसानों के लिए मुआवजा और पुनर्वास पैकेज देने के साथ-साथ नदी के किनारे तटबंध निर्माण की मांग की।
इसके अलावा क्षेत्र में अवैध खनन, क्रशर संचालन और ब्लास्टिंग पर रोक लगाने की मांग की गई। मुड़ादेवता स्थित शारदा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड की पर्यावरणीय स्वीकृति और अपशिष्ट निस्तारण व्यवस्था की जांच कराने की मांग भी प्रतिनिधिमंडल ने रखी।
वहीं, उल्दा स्थित ग्लोबस स्पिरिट्स लिमिटेड पर JLKM नेताओं ने प्रदूषण और वन भूमि पर अतिक्रमण का आरोप लगाया और मामले की जांच की मांग की। कदमबेड़ा स्थित गजानन फेरो प्राइवेट लिमिटेड के प्रदूषण और तेज आवाज वाले सायरन के इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
बेतझरिया स्थित खेतान एंटरप्राइजेस और धालभूमगढ़ के जोरेसोल स्थित कृष्णा एंड कृष्णा उद्योग से जुड़े सिलिका धूल प्रदूषण का मुद्दा भी उठाया गया। JLKM ने सिलिकोसिस प्रभावित इलाकों में मेडिकल कैंप लगाने, पीड़ितों और मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने के साथ आश्रितों को रोजगार देने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इन मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो JLKM आंदोलन का रास्ता अपनाएगा।