औजारों से निर्माण तक... विश्वकर्मा पूजा पर CM हेमंत सोरेन का खास संदेश, मेहनतकशों को दी शुभकामनाएंBy Mid Time Bureau Thu, 17 September 2026 11:59 AM

विश्वकर्मा पूजा के पावन अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में उन्होंने उन तमाम लोगों के योगदान को रेखांकित किया, जो अपने श्रम, हुनर और मेहनत के जरिए परिवार से लेकर समाज और देश के निर्माण में भूमिका निभा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने भगवान विश्वकर्मा से काम करने वाले हर हाथ के लिए सम्मान, शक्ति और सफलता की कामना की। उन्होंने कहा कि श्रम और सृजन हमारे समाज और विकास की बुनियाद हैं, इसलिए मेहनत करने वाले लोगों के प्रति सम्मान का भाव जरूरी है।

हेमंत सोरेन ने विश्वकर्मा पूजा के मौके पर लोगों से श्रम और सृजन के सम्मान का संकल्प लेने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि अपने परिश्रम और सामूहिक प्रयासों के जरिए समृद्ध और सशक्त झारखंड के निर्माण में योगदान दिया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने भगवान विश्वकर्मा से प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की और सभी को विश्वकर्मा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए अपने संदेश का समापन ‘जोहार’ के साथ किया।