HEC बाईपास में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, 22 निर्माण हटे ही थे कि हाईकोर्ट से आ गया रोक का आदेशBy Mid Time Bureau Fri, 18 September 2026 01:01 PM

रांची के HEC बाईपास रोड पर गुरुवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासन की कार्रवाई अचानक रुक गई। सुबह जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और सड़क किनारे बने अवैध निर्माण व अस्थायी दुकानों को हटाना शुरू किया। कार्रवाई के दौरान करीब 22 अतिक्रमण हटाए गए।

अभियान आगे बढ़ ही रहा था कि अधिकारियों को झारखंड हाईकोर्ट के आदेश की जानकारी मिली। कोर्ट ने HEC बाईपास रोड में चल रही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर रोक लगा दी थी। आदेश मिलते ही प्रशासन ने तुरंत अभियान रोक दिया और मौके पर लगाई गई जेसीबी मशीनों को वापस भेज दिया।

कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध भी जताया, लेकिन प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई जारी रखी। हालांकि हाईकोर्ट के आदेश के बाद टीम को पीछे हटना पड़ा।

दरअसल, HEC बाईपास रोड के चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण को लेकर अतिक्रमण हटाने की तैयारी पहले से चल रही थी। प्रशासन की ओर से संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर अवैध निर्माण खुद हटाने का निर्देश भी दिया गया था।

फिलहाल हाईकोर्ट की रोक के बाद अभियान थम गया है। अब इस सड़क पर आगे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कब और किस तरीके से होगी, इसका फैसला कोर्ट के अगले निर्देश के बाद होगा।