
रांची के BIT मेसरा कैंपस में शुक्रवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब हॉस्टल के एक कमरे में छात्रा का शव फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान गोड्डा जिले की रहने वाली अंजली सुमन के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही BIT थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, अंजली सुमन हॉस्टल नंबर-9 में रहती थी। शुक्रवार शाम कॉलेज से लौटने के बाद वह अपने कमरे में चली गई। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने और भोजन के समय भी उसके नहीं पहुंचने पर सहेलियों को चिंता हुई।
इसके बाद छात्राओं ने कमरे के दरवाजे में बने छेद से अंदर देखा तो अंजली फंदे से लटकी हुई दिखाई दी। हॉस्टल की छात्राओं ने तुरंत कॉलेज प्रबंधन को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर BIT थाना प्रभारी अजय कुमार दास पुलिस टीम के साथ हॉस्टल पहुंचे। कमरे की जांच के बाद पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले के अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है।
घटनास्थल पर FSL की टीम को भी बुलाया गया है। टीम की जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।