
सिमडेगा की राजनीति को लंबे समय तक दिशा देने वाली पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री विमला प्रधान का शुक्रवार रात करीब 8:40 बजे रांची के सैमफोर्ड अस्पताल में निधन हो गया। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
विमला प्रधान के निधन की खबर सामने आते ही सिमडेगा के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी उनके निधन पर गहरा दुख जताया। अपने शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने विमला प्रधान को झारखंड की वरिष्ठ नेता बताते हुए कहा कि उनका निधन राज्य की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।
हेमंत सोरेन ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में दिवंगत विमला प्रधान का योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा। उन्होंने शोकाकुल परिजनों और समर्थकों के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति मिलने की प्रार्थना की।
विमला प्रधान ने 2009 में भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर सिमडेगा विधानसभा सीट से पहली बार जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2014 में उन्होंने लगातार दूसरी बार विधानसभा चुनाव जीता। अपने राजनीतिक सफर में उन्होंने मंत्री पद की जिम्मेदारी भी संभाली और सिमडेगा की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहीं।