
पलामू के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। डगरा पुलिस पिकेट में तैनात सैप के सूबेदार बुचुन पाल ने शनिवार सुबह अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली लगने के बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि बुचुन पाल डगरा पुलिस पिकेट में ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान उन्होंने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। फायरिंग की आवाज सुनते ही पिकेट में मौजूद दूसरे जवान मौके पर पहुंचे। वहां बुचुन पाल गंभीर हालत में पड़े मिले। जांच के बाद उनकी मौत की पुष्टि हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस के वरीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल बुचुन पाल ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह सामने नहीं आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।