
झारखंड में आने वाले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आएगा। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र का असर राज्य के मौसम पर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 21 से 25 सितंबर के बीच झारखंड के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है। इस दौरान वज्रपात के साथ तेज हवाओं को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।
21 सितंबर को राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश के साथ कुछ स्थानों पर वज्रपात की भी आशंका है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
22 सितंबर को भी झारखंड के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। रांची समेत कई जिलों में दिन के दौरान एक से ज्यादा बार बारिश हो सकती है।
23 सितंबर को मौसम का असर सबसे ज्यादा रहने का अनुमान है। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर और जामताड़ा के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है।
24 सितंबर को भी बारिश से राहत मिलने की उम्मीद कम है। उत्तर-पूर्वी जिलों के साथ धनबाद से सटे मध्य हिस्सों में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
25 सितंबर को राज्य के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
लगातार बारिश और मौसम में बदलाव का असर तापमान पर भी पड़ेगा। राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें और सावधानी बरतें।