
रांची: स्वच्छता ही सेवा-2026 के तहत केंद्रीय कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय, दरभंगा हाउस में स्वच्छता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वच्छता को अपनी आदत और जिम्मेदारी बनाने का संकल्प लिया। इस वर्ष अभियान की थीम “स्वच्छता में सहभाग; स्वच्छ भारत, विकसित भारत” रखी गई है।
कार्यक्रम में सीसीएल के निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा और मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार सहित मुख्यालय के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इसके बाद सभी निदेशकों एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी ने संयुक्त रूप से स्वच्छता जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सीसीएल की ओर से बताया गया कि जागरूकता रथ रांची के विभिन्न चौक-चौराहों, स्कूलों, कॉलेजों और गली-मोहल्लों में जाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेगा। इसके माध्यम से स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने और लोगों को अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
स्वच्छता ही सेवा-2026 का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति सामूहिक भागीदारी और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। अभियान के तहत सीसीएल मुख्यालय के अलावा कंपनी के विभिन्न कोयला क्षेत्रों में भी स्वच्छता एवं जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों के जरिए स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर इसे जनभागीदारी और दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया जा रहा है।