
रांची: पुलिस अधीक्षक यातायात, रांची ने सोमवार को यातायात थाना गोंदा का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी, यातायात पुलिसकर्मी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। एसपी ने थाना में पदस्थापित पुलिसकर्मियों की किट परेड कराई और थाना के विभिन्न अभिलेखों का अवलोकन किया। इस दौरान मिली कमियों एवं त्रुटियों के निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी को आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पूजा के साथ अक्टूबर में होने वाले क्रिकेट मैच को देखते हुए आवश्यक विचार-विमर्श कर सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
यातायात पुलिस को ब्लैक शीशा, फैंसी नंबर प्लेट, मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, रैश ड्राइविंग, नशे की हालत में वाहन चलाने तथा निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने वाले वाहनों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। ऑटो और टोटो चालकों के यूनिफॉर्म नहीं पहनने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में भी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा वाहनों की नंबर प्लेट पर टेप लगाने या गलत तरीके से नंबर लिखने वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। यातायात पोस्ट के आसपास अनावश्यक रूप से वाहन खड़े करने और चौक-चौराहों पर ऑटो-टोटो लगाने से होने वाले जाम पर भी सख्ती बरतने को कहा गया।
एसपी ने प्रतिनियुक्त यातायात पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का सही तरीके से निर्वहन करते हुए सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ब्रीफ करने का निर्देश दिया। साथ ही सड़क पर अतिक्रमण कर लगाई गई दुकानों और ठेलों को हटाने के लिए रांची नगर निगम की टीम के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करने को कहा गया।