CIP रांची के उन्नयन की दिशा में केंद्र की अग्रिम कार्रवाई शुरूBy Mid Time Bureau Mon, 21 September 2026 07:00 PM

रांची: केंद्रीय मनोचिकित्सा संस्थान (CIP), रांची को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने और इसे राष्ट्रीय स्तर के प्रमुख मानसिक स्वास्थ्य संस्थानों के रूप में विकसित करने की दिशा में केंद्र सरकार ने अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। केंद्रीय बजट में CIP रांची के उन्नयन की घोषणा के अनुरूप संस्थान के विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर नियमानुसार प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान CIP रांची को ‘राष्ट्रीय महत्व के संस्थान’ (Institute of National Importance) का दर्जा देने का मुद्दा उठाया था। उन्होंने केंद्र सरकार से संस्थान को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करते हुए देश के प्रमुख मानसिक स्वास्थ्य संस्थानों की श्रेणी में विकसित करने की मांग की थी।

इसी मामले में केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने पत्र के माध्यम से डॉ. वर्मा को जानकारी दी है कि केंद्रीय बजट में CIP रांची के उन्नयन की घोषणा के अनुरूप संस्थान के विकास और इससे जुड़े सभी पहलुओं पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

1918 से मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं में सक्रिय

CIP रांची देश के प्रमुख मानसिक स्वास्थ्य संस्थानों में शामिल है। वर्ष 1918 से यह संस्थान मानसिक स्वास्थ्य उपचार, प्रशिक्षण और शोध के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। भारत सरकार के आधिकारिक अभिलेखों के अनुसार संस्थान में 643 बिस्तरों की क्षमता है और बड़ी संख्या में मरीज यहां मानसिक स्वास्थ्य संबंधी उपचार एवं सेवाएं प्राप्त करते हैं।

डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने कहा कि CIP रांची का उन्नयन झारखंड के साथ-साथ पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण कदम होगा। संस्थान के आधुनिकीकरण से अत्याधुनिक उपचार सुविधाओं के विस्तार के साथ मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में शोध, विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के प्रशिक्षण तथा बेहतर उपचार व्यवस्था को भी गति मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि CIP को मजबूत और आधुनिक बनाने की दिशा में केंद्र सरकार की कार्रवाई झारखंड की लंबे समय से चली आ रही मांग को आगे बढ़ाने वाली महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि संस्थान के विकास से जुड़े सभी पहलुओं को गति दिलाने का प्रयास जारी रहेगा, ताकि CIP रांची अपनी ऐतिहासिक विरासत के अनुरूप देश के अग्रणी मानसिक स्वास्थ्य संस्थानों में और सशक्त भूमिका निभा सके।

डॉ. वर्मा ने इस दिशा में सकारात्मक कार्रवाई के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव के प्रति आभार व्यक्त किया।