झारखंड वुशू एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा संपन्न, राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं की तारीखों का ऐलानBy Mid Time Bureau Tue, 22 September 2026 06:45 PM

रांची: झारखंड वुशू एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा मंगलवार को सरला बिरला स्कूल स्थित जी.डी. बिरला सभागार में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप वर्मा ने की। बैठक में आगामी सत्र में होने वाली राज्य स्तरीय वुशू प्रतियोगिताओं की तारीख और स्थान तय किए गए। साथ ही संगठन की गतिविधियों, बजट, ऑडिट रिपोर्ट और खिलाड़ियों की तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई।

बैठक में तय किया गया कि झारखंड राज्य जूनियर वुशू प्रतियोगिता का आयोजन 3 और 4 अक्टूबर 2026 को सिल्ली में होगा। वहीं, राज्य सीनियर वुशू प्रतियोगिता 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को देवघर में आयोजित की जाएगी। सब-जूनियर वुशू प्रतियोगिता 21 और 22 नवंबर 2026 को धनबाद में होगी।

इन राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और टीमों का चयन आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा। झारखंड के खिलाड़ी 23वीं जूनियर नेशनल वुशू प्रतियोगिता में चेन्नई में 28 अक्टूबर से 2 नवंबर तक, 36वीं सीनियर नेशनल वुशू प्रतियोगिता में ईटानगर में 9 से 14 नवंबर तक और 25वीं सब-जूनियर नेशनल वुशू प्रतियोगिता में भुवनेश्वर में 18 से 23 दिसंबर तक हिस्सा लेंगे। इसके अलावा खिलाड़ी हैदराबाद में होने वाली फेडरेशन कप वुशू प्रतियोगिता में भी भाग लेंगे।

राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए प्रतियोगिताओं से पहले विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। आम सभा में पिछले सत्र की बैठक की कार्यवाही को मंजूरी देने के साथ ऑडिट रिपोर्ट और आगामी सत्र के बजट को भी अनुमोदित किया गया।

बैठक में राज्य के 16 जिलों में चल रही अस्मिता वुमन लीग की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अब तक 7 जिलों में अस्मिता वुमन लीग का आयोजन हो चुका है। एसोसिएशन ने राज्य के बाकी जिलों में भी इसका विस्तार करने का निर्णय लिया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा महिला खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का मौका मिल सके।

बायलॉज को मिली मंजूरी

वार्षिक आम सभा में नेशनल गवर्नेंस एक्ट और वुशू एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अनुरूप तैयार किए गए झारखंड वुशू एसोसिएशन के बायलॉज को भी मंजूरी दी गई। इसके साथ ही जिला स्तर पर बायलॉज के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने का फैसला लिया गया।

राष्ट्रीय सचिव बनाए जाने पर डॉ. प्रदीप वर्मा का सम्मान

बैठक के दौरान झारखंड वुशू एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप वर्मा को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय सचिव बनाए जाने पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों और विभिन्न जिलों से पहुंचे जिला पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं भी दी गईं।

डॉ. प्रदीप वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी संगठन की सफलता के लिए कर्तव्य और अधिकार के बीच समन्वय जरूरी है। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करना चाहिए और खिलाड़ियों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।

उन्होंने झारखंड में वुशू को और मजबूत बनाने तथा राज्य के प्रतिभावान खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास की अपील की।

बैठक में डॉ. अंशु साहू, मनोज कुमार महतो, उदय साहू, मनोज कुमार साहू, शैलेन्द्र दुबे, गोकुलनंद मिश्रा, अभिषेक कुमार, दीपक दुबे, एम कादिर, अमरदीप कुमार, संजय जैन, प्रतिमा कुमारी, मृत्युंजय कुमार राय, शशि कुमार, संजय राजभर, प्रदीप महतो, अमूल्य मिश्रा, दिनेश यादव, राजी अहमद, विवेकानंद, चंचल भट्टाचार्य, मिथिलेश साहू, विमला टोप्पो, राजकुमार जैन, रत्नेश कुमार, दीपक गोप, संजय साहू, एल. प्रदीप सिंह, सुमित घोषाल और शिवेन्द्र दुबे समेत कई पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।