
रांची: झारखंड के करीब 40 हजार पारा शिक्षकों के मानदेय में बढ़ोतरी की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। पारा शिक्षकों के लिए तीसरी बार आकलन परीक्षा आयोजित की जाएगी। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने परीक्षा को लेकर आदेश जारी कर दिया है। इसके तहत पारा शिक्षक 25 सितंबर से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
आकलन परीक्षा में सफल होने वाले पारा शिक्षकों के मानदेय में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी। परीक्षा के लिए आवेदन JAC की आधिकारिक वेबसाइट www.jac.jharkhand.gov.in पर किया जा सकेगा।
आवेदन शुल्क निर्धारित
JAC के आदेश के अनुसार, सामान्य श्रेणी के पारा शिक्षकों को आवेदन शुल्क के रूप में 750 रुपये जमा करने होंगे। वहीं एससी, एसटी, पिछड़ा वर्ग और दिव्यांग पारा शिक्षकों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है।
विभाग के अनुसार, आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद परीक्षा की तिथि और अन्य आवश्यक जानकारी जारी की जाएगी। परीक्षा में सफल पारा शिक्षकों को मानदेय में 10 प्रतिशत वृद्धि का लाभ मिलेगा।
तीसरी बार होगी आकलन परीक्षा
गौरतलब है कि झारखंड में पारा शिक्षकों के लिए अब तक दो बार आकलन परीक्षा आयोजित की जा चुकी है। इस बार विभाग तीसरी बार यह परीक्षा आयोजित करने जा रहा है। करीब 40 हजार पारा शिक्षकों के लिए होने वाली इस परीक्षा को मानदेय वृद्धि से जोड़कर देखा जा रहा है।