रांची विश्वविद्यालय में करमा पर्व की धूम, नौ भाषाओं में दिखी झारखंड की लोक संस्कृतिBy Mid Time Bureau Tue, 22 September 2026 07:23 PM

रांची: रांची विश्वविद्यालय के जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग में मंगलवार को करमा पर्व के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की समेत विश्वविद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और अन्य लोग शामिल हुए। इस दौरान करमा पर्व की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को पारंपरिक अंदाज में प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम की खास बात रही कि झारखंड की नौ प्रमुख भाषाओं में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। छात्र-छात्राओं ने करम डाली की पूजा, जावा फूल लगाने की परंपरा, करम गीत और पारंपरिक लोकनृत्य के माध्यम से राज्य की भाषाई विविधता और समृद्ध लोक विरासत की झलक प्रस्तुत की।

रांची विश्वविद्यालय के प्रसिद्ध अखड़ा में मांदर की थाप और करम गीतों से माहौल जीवंत हो उठा। छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा में लोकनृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की सराहना बटोरी। इसके अलावा डीएसपीएमयू सहित जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में भी करमा पर्व के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में करमा पर्व के माध्यम से प्रकृति के प्रति सम्मान, भाई-बहन के स्नेह और सामुदायिक एकजुटता का संदेश दिया गया। आयोजन ने धार्मिक परंपराओं के साथ झारखंड की जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषाओं, लोकगीतों और लोकनृत्यों के संरक्षण को भी मंच प्रदान किया।