
Palamu: पलामू में करम पर्व की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब करम डाली विसर्जन के दौरान अलग-अलग जगहों पर डूबने की घटनाएं सामने आईं। इन हादसों में छह लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद कई गांवों में शोक का माहौल है।
दरअसल, करम पर्व के तहत पूजा-अर्चना के बाद करम डाली और झुर का विसर्जन करने के लिए लोग नदी और जलाशयों तक पहुंचे थे। इसी दौरान गहरे पानी और तेज बहाव की वजह से कई लोग हादसे का शिकार हो गए। अलग-अलग घटनाओं में छह लोगों की जान चली गई।
हादसे की खबर सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि पलामू में करम डाली विसर्जन के दौरान लोगों के नदी में डूबने की घटना बेहद दुखद और पीड़ादायक है।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि इस तरह की घटनाओं से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ता है। उन्होंने दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति मिलने की कामना की।
करम पर्व के मौके पर जहां गांवों में उत्सव और उल्लास का माहौल था, वहीं इन हादसों ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।