झारखंड की महिला पारा वॉलीबॉल टीम फेडरेशन कप के लिए तमिलनाडु रवानाBy Mid Time Bureau Wed, 23 September 2026 05:18 PM

रांची:  झारखंड की महिला पारा सिटिंग वॉलीबॉल टीम 3rd फेडरेशन कप पारा सिटिंग वॉलीबॉल चैंपियनशिप-2026 में हिस्सा लेने के लिए बुधवार को रांची से तमिलनाडु के इरोड के लिए रवाना हुई। राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 25 से 28 सितंबर तक इरोड में किया जाएगा।

प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने वाली टीम की कप्तान प्रतिमा तिर्की हैं। टीम में अनीता तिर्की, संजुक्ता एक्का, महिमा उरांव, पुष्पा मिंज, सुनीता कुमारी, सरिता भुठकुमारी मुंडा, निक्की कुमारी, सुलेखा कुमारी, पूनम कुमारी, जयश्री कुमारी, रेनू कुमारी और असुंता टोप्पो शामिल हैं।

टीम के साथ कोच मुकेश कंचन और पारा वॉलीबॉल एसोसिएशन ऑफ झारखंड की सचिव सरिता कुमारी भी इरोड के लिए रवाना हुईं।

इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मेहता, उपाध्यक्ष श्वेता कुमारी व रूपा कुमारी, सहसचिव पतरस तिर्की, वागीस त्रिपाठी और जगदीश कुमार (जग्गू भैया) ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। पदाधिकारियों ने टीम का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खिलाड़ी पूरे आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लें और अपने प्रदर्शन से झारखंड का नाम रोशन करें। एसोसिएशन ने टीम के सफल सफर और बेहतर प्रदर्शन की कामना की।