खादगढ़ा बस टर्मिनल की व्यवस्था होगी दुरुस्त, निगम की टीम करेगी टोल वसूलीBy Mid Time Bureau Wed, 23 September 2026 06:08 PM

रांची: खादगढ़ा स्थित भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल की व्यवस्थाओं और संचालन को लेकर बुधवार को रांची नगर निगम के अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में नगर निगम के पदाधिकारी, नगर प्रबंधक, राजस्व निरीक्षक, सैनिटरी सुपरवाइजर, इंफोर्समेंट टीम, पूर्व संवेदक और बस एसोसिएशन के प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक में बताया गया कि बस टर्मिनल की बंदोबस्ती की प्रक्रिया फिलहाल जारी है। बंदोबस्ती पूरी होने और अंतिम निर्धारण होने तक टर्मिनल में टोल शुल्क की वसूली नगर निगम अपने स्तर से करेगा। इसके लिए निगम की टीम को दो पालियों में तैनात किया जाएगा। पहली पाली सुबह चार बजे से दोपहर एक बजे और दूसरी पाली दोपहर एक बजे से रात 10 बजे तक होगी। राजस्व निरीक्षक, लेखा सहायक, सैनिटरी इंस्पेक्टर और परिसंपत्ति अधीक्षक टोल वसूली की जिम्मेदारी संभालेंगे।

इंफोर्समेंट टीम और होमगार्ड टोल वसूली नहीं करेंगे। उन्हें बसों के एंट्री-एग्जिट, परिचालन और परिसर की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। पूर्व संवेदक को 24 सितंबर तक टर्मिनल से जुड़े सभी दस्तावेज निगम को सौंपने का निर्देश दिया गया है। वहीं, बस एसोसिएशन से सभी बसों की सूची, समय-सारणी और एंट्री-एग्जिट से जुड़ी जानकारी मांगी गई है।

बैठक में लंबे समय से परिसर में खड़ी लावारिस और अनुपयोगी बसों को हटाने का भी निर्देश दिया गया। बस मालिकों को सात दिनों के भीतर बसें हटानी होंगी। ऐसा नहीं होने पर निगम एमवीआई के माध्यम से मूल्यांकन कराकर नियमानुसार नीलामी की प्रक्रिया शुरू करेगा।

बैठक के बाद अपर नगर आयुक्त ने टर्मिनल का निरीक्षण किया। उन्होंने अग्निशमन विभाग के समन्वय से फायर सेफ्टी उपकरण लगाने, अटल क्लीनिक के लिए साइनेज लगाने, बस वाशिंग के लिए स्थान तय करने, सीसीटीवी व्यवस्था दुरुस्त करने और खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्वच्छता, सुरक्षा, राजस्व संग्रहण और यात्री सुविधाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को भी कहा।