
Ranchi: 9 अक्टूबर को रांची के JSCA स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी20 मुकाबले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मैच में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था प्रशासन के लिए अहम मुद्दा है।
इसी को लेकर 24 सितंबर को रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और JSCA प्रबंधन के बीच अहम बैठक होगी। इस बैठक में स्टेडियम के अंदर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था से लेकर दर्शकों की एंट्री, भीड़ प्रबंधन और पुलिस बल की तैनाती तक कई मुद्दों पर चर्चा होगी।
दरअसल, हाल ही में झारखंड प्रीमियर लीग के दौरान JSCA स्टेडियम में भगदड़ जैसी स्थिति सामने आई थी। ऐसे में इस बार उस घटना से सबक लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
बैठक में स्टेडियम के सभी गेट पर सुरक्षा, दर्शकों की आवाजाही और भीड़ को नियंत्रित करने के इंतजामों के साथ-साथ मैच के दिन ट्रैफिक व्यवस्था पर भी मंथन होगा। स्टेडियम तक पहुंचने वाले रास्तों के लिए रूट प्लान और वाहनों की पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी फैसला लिया जाएगा।
यानी भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले से पहले रांची प्रशासन और JSCA मिलकर सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक तक पूरा प्लान तैयार करने में जुटे हैं।