
रांची: झारखंड की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह की गुरुवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई। दर्दनाक हादसा जमशेदपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर हुआ। हादसे में मंत्री की बेटी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
शहर के मरीन ड्राइव में देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में झारखंड की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा रात करीब दो से तीन बजे के बीच होने की प्रारंभिक जानकारी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, एक स्विफ्ट डिजायर कार कोलकाता से जमशेदपुर की ओर आ रही थी। इसी दौरान मरीन ड्राइव में कार की सामने से आ रहे एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों में दो युवक और दो युवतियां शामिल हैं। मृत युवतियों में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह भी शामिल थीं। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के समय स्विफ्ट डिजायर की रफ्तार काफी तेज थी। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस घटनास्थल की जांच करने के साथ हादसे से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाल रही है।
भीषण टक्कर के कारण स्विफ्ट डिजायर के परखच्चे उड़ गए। हादसे की तस्वीरें दुर्घटना की भयावहता को बयां कर रही हैं। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी की मौत की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में भी शोक की लहर है।