
जमशेदपुर: गोलमुरी स्थित केनरा बैंक की शाखा में गुरुवार को दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बैंक खुलने के कुछ ही देर बाद करीब पांच हथियारबंद अपराधी शाखा के अंदर दाखिल हुए और कर्मचारियों व वहां मौजूद ग्राहकों को बंदूक की नोक पर बंधक बना लिया।
अपराधियों ने बैंक के गार्ड के विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद अपराधियों ने बैंक मैनेजर पर दबाव बनाकर लॉकर खुलवाया और करीब 43 लाख रुपये नकद के साथ ग्राहकों के गोल्ड लोन से जुड़ा सोना लूट लिया।
ग्रामीण एसपी शुभम खंडेवाल के मुताबिक, वारदात को पांच हथियारबंद अपराधियों ने अंजाम दिया। सभी अपराधियों के पास बंदूक थी और उन्होंने करीब एक घंटे तक बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को अपने कब्जे में रखा। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, अपराधियों ने बैंक में मौजूद लोगों को गन प्वाइंट पर रखा था। इसी दौरान बैंक के गार्ड ने विरोध किया, तो अपराधियों ने उसकी पिटाई कर दी और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। आसपास के इलाकों में भी पुलिस टीमों को सक्रिय कर दिया गया है।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वारदात के दौरान बैंक मैनेजर या कर्मचारियों की ओर से अलार्म क्यों नहीं बजाया जा सका। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।