
झारखंड सरकार ने 25 सितंबर को होने वाली कैबिनेट की बैठक स्थगित कर दी है। ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह के सड़क हादसे में निधन के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने यह फैसला लिया है।
दरअसल, गुरुवार को होने वाली राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक को लेकर सरकार की तैयारी थी। लेकिन मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी के असमय निधन के बाद सरकार में शोक का माहौल बन गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत सरकार के कई मंत्री इस घटना से मर्माहत हैं।
ऐसे में मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल सचिवालय एवं समन्वय विभाग को कैबिनेट बैठक स्थगित करने का निर्देश दिया। इसके बाद विभाग की ओर से बैठक स्थगित करने संबंधी आदेश जारी कर दिया गया।
सरकार की ओर से माना गया कि इस समय पूरा माहौल शोकाकुल है और ऐसे में कैबिनेट की बैठक करना उचित नहीं होगा। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद बैठक को तत्काल स्थगित करने का फैसला लिया गया।
25 सितंबर को होने वाली कैबिनेट बैठक में कई सरकारी प्रस्तावों पर चर्चा और फैसले होने थे। अब यह बैठक कब होगी, इसकी नई तारीख बाद में तय की जाएगी। फिलहाल मंत्री की बेटी के निधन के बाद झारखंड सरकार ने अपने तय कार्यक्रम में बदलाव करते हुए कैबिनेट बैठक को स्थगित कर दिया है।`
