रांची में बारिश बनी आफत, बच्चों से भरी स्कूल बस पर गिरा पेड़By Mid Time Bureau Fri, 25 September 2026 11:43 AM

रांची: राजधानी रांची में लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शुक्रवार सुबह डोरंडा थाना क्षेत्र के एजी कॉलोनी के पास उस वक्त बड़ा हादसा टल गया, जब सड़क किनारे खड़ा एक विशाल पेड़ अचानक स्कूल बस के ऊपर जा गिरा।

बस उस समय बच्चों को लेकर स्कूल की ओर जा रही थी। पेड़ गिरने से बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन चालक की सतर्कता से बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित रहे। पेड़ को गिरता देख चालक ने तुरंत ब्रेक लगाया और बस को रोक दिया, जिससे किसी बच्चे को चोट नहीं आई।

घटना की जानकारी मिलते ही डोरंडा थाना पुलिस और रांची नगर निगम की टीम को सूचना दी गई। नगर निगम की टीम जेसीबी के साथ मौके पर पहुंची और पेड़ को काटकर सड़क से हटाया। इसके बाद रास्ता साफ कराया गया और स्कूल बस को वहां से आगे रवाना किया गया। पेड़ गिरने के कारण कुछ समय तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा, लेकिन बाद में आवागमन सामान्य हो गया।

इस घटना ने एक बार फिर बारिश और तेज हवा के दौरान सड़क किनारे खड़े पेड़ों को लेकर सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, राहत की सबसे बड़ी बात यही रही कि बस चालक और किसी भी बच्चे को चोट नहीं लगी।

वहीं, रांची में बारिश और आंधी का असर स्कूली बच्चों पर भी देखने को मिल रहा है। शहर के कई इलाकों में बच्चों को बारिश के बीच स्कूल पहुंचना पड़ रहा है। इन दिनों कई स्कूलों में परीक्षाएं चल रही हैं, जिसके चलते बच्चों के लिए स्कूल पहुंचना जरूरी है। तेज बारिश के कारण कई बच्चों के जूते और स्कूल ड्रेस भीगने और गंदे होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

लगातार खराब मौसम को देखते हुए स्कूल प्रबंधन की ओर से बस चालकों को भी विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।