झारखंड में बारिश-वज्रपात का अलर्ट, बंगाल की खाड़ी के लो प्रेशर का असरBy Mid Time Bureau Fri, 25 September 2026 11:49 AM

रांचीः बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया का असर झारखंड के मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है। राज्य के कई हिस्सों में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी है। राजधानी रांची में शुक्रवार सुबह से ही तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 25 सितंबर को झारखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश के साथ गरज, वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने राज्य के सात जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

बंगाल की खाड़ी में बने गहरे निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से पिछले 24 घंटे में झारखंड के कई जिलों में बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। इस दौरान रांची में 9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि बहरागोड़ा में सबसे ज्यादा 43.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई।

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 25 सितंबर को गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, हजारीबाग और लातेहार में भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं रांची समेत राज्य के दूसरे हिस्सों में धीरे-धीरे मौसम साफ होने की संभावना है। हालांकि आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ जगहों पर हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

झारखंड में सामान्य से 5 फीसदी कम बारिश

झारखंड में इस मानसून सीजन के दौरान अब तक सामान्य से करीब 5 फीसदी कम बारिश हुई है। 1 जून से 24 सितंबर तक राज्य में सामान्य बारिश का आंकड़ा 984.7 मिलीमीटर है, जबकि अब तक 935.7 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।

राजधानी रांची की बात करें तो यहां स्थिति राज्य के औसत से अलग है। 1 जून से 24 सितंबर के बीच रांची में सामान्य बारिश 1003.2 मिलीमीटर मानी जाती है, जबकि अब तक 1127 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। यानी रांची में सामान्य से करीब 12 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज हुई है।

पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 43 फीसदी, सरायकेला में 17 फीसदी, लोहरदगा में 3 फीसदी, लातेहार में 13 फीसदी और पूर्वी सिंहभूम में 7 फीसदी अधिक बारिश हुई है। दूसरी ओर पाकुड़, चतरा, देवघर, गुमला, साहिबगंज, पलामू, गढ़वा, हजारीबाग और कोडरमा में बारिश अभी भी सामान्य से कम है।

धनबाद में 128.6 MM बारिश

बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव के क्षेत्र का असर झारखंड में भारी बारिश के रूप में देखने को मिला। मौसम विभाग के रांची केंद्र के अनुसार, पिछले 24 घंटे में धनबाद के बाघमारा में सबसे ज्यादा 128.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

रांची में भी कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। रांची एयरो में 52.6 मिलीमीटर और बीएयू कांके में 102.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा नंदीह में 123.6 मिलीमीटर, पुटकी सीडब्ल्यूसी में 118.4 मिलीमीटर और पालगंज में 105 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई।

26 सितंबर को भी बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, 26 सितंबर को भी झारखंड के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या मेघ गर्जन की संभावना है। राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

शनिवार को भी राज्य के कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहने का अनुमान है। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले तीन दिनों के दौरान तापमान में धीरे-धीरे 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।

वहीं 27 और 28 सितंबर को भी झारखंड के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन की संभावना जताई गई है।