रांची आने वाली कई उड़ानों का रूट बदला, झारखंड में तेज बारिश-हवा से हवाई सेवाएं प्रभावितBy Mid Time Bureau Fri, 25 September 2026 01:25 PM

रांचीः शुक्रवार सुबह राजधानी रांची में तेज बारिश और हवाओं ने जनजीवन के साथ-साथ हवाई सेवाओं को भी प्रभावित किया। खराब मौसम की वजह से रांची आने वाली चार फ्लाइट्स को दूसरे शहरों की ओर डायवर्ट करना पड़ा। इनमें इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें शामिल हैं। इसके अलावा दिल्ली से रांची आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट को री-शेड्यूल किया गया।

अचानक फ्लाइट के डायवर्ट और री-शेड्यूल होने से सुबह के वक्त एयरपोर्ट पहुंचे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

इंडिगो की पुणे-रांची फ्लाइट को खराब मौसम के चलते बनारस डायवर्ट किया गया। विमान के सुबह 7:55 बजे रांची पहुंचने का निर्धारित समय था, लेकिन मौसम की स्थिति अनुकूल नहीं होने के कारण यहां लैंडिंग नहीं हो सकी।

वहीं इंडिगो की कोलकाता-रांची फ्लाइट भी रांची नहीं पहुंच सकी। विमान को करीब 8:05 बजे रांची पहुंचना था, लेकिन खराब मौसम को देखते हुए इसे वापस कोलकाता भेज दिया गया।

एयर इंडिया एक्सप्रेस की मुंबई-रांची फ्लाइट पर भी मौसम का असर पड़ा। विमान के रांची पहुंचने का तय समय सुबह 8:20 बजे था। रांची में मौसम खराब होने के कारण फ्लाइट को कोलकाता की ओर डायवर्ट कर दिया गया।

इसके अलावा इंडिगो की दिल्ली-रांची फ्लाइट को भी खराब मौसम के कारण बनारस भेजा गया। इस विमान के सुबह 8:30 बजे रांची पहुंचने का समय निर्धारित था।

वहीं एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली-रांची फ्लाइट को डायवर्ट करने के बजाय री-शेड्यूल किया गया। पहले इसके सुबह 8:25 बजे रांची पहुंचने की उम्मीद थी, लेकिन बदले हुए शेड्यूल के अनुसार इसके करीब 10:10 बजे रांची पहुंचने की संभावना जताई गई।

शुक्रवार सुबह तेज बारिश और हवा के चलते रांची एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही प्रभावित रही। मौसम में सुधार आने के बाद हवाई सेवाओं के धीरे-धीरे सामान्य होने की उम्मीद है।