
जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र में शनिवार को फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के पास तीन लोगों को पहले घेरकर उनके साथ मारपीट की गई और इसके बाद गोली चला दी गई। गोली लगने से तीनों घायल हो गए।
घायलों की पहचान सोनारी निवासी के रूप में बताई जा रही है। इनमें डोमिनिक सैमसन भी शामिल हैं। उन्हें JMM नेता होने के साथ जमीन कारोबारी के तौर पर भी बताया जा रहा है।
घटना के बाद तीनों घायलों को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया है। फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस घटनास्थल और मॉल परिसर में मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटा रही है। हालांकि, अभी तक फायरिंग की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है और हमलावरों की पहचान को लेकर भी पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।