
रांची: एमजी रोड स्थित हनुमान मंदिर परिसर और आसपास की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए रांची नगर निगम ने नागरिक-केंद्रित पहल की है। अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में मंदिर समिति के सदस्यों और समाजसेवियों के साथ हुई बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में तय किया गया कि मंदिर परिसर में पूजा एवं धार्मिक गतिविधियों के अलावा किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि संचालित नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान संबंधित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को 48 घंटे के भीतर संचालन बंद करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही संबंधित प्रतिष्ठानों को नियमानुसार नोटिस जारी करने का निर्देश भी दिया गया।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के सामने वाहनों के अनियंत्रित ठहराव पर रोक लगाई गई है। वहीं डेली मार्केट के समीप स्थित टैक्सी स्टैंड में मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए नि:शुल्क पार्किंग की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। इससे मंदिर के सामने भीड़ और जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर में लगे एक विज्ञापन बोर्ड से संभावित दुर्घटना की आशंका को देखते हुए उसे तत्काल हटाने का निर्देश भी दिया गया। नगर निगम ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य धार्मिक गतिविधियों को प्रभावित करना नहीं, बल्कि धार्मिक स्थल की गरिमा बनाए रखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा, सार्वजनिक सुरक्षा और सुगम यातायात सुनिश्चित करना है।