
रांची : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने शनिवार को राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया और उनके इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए JMM की राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के साथ खेल खेला जा रहा है और लोकतंत्र की हत्या हो रही है। महुआ माजी ने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था को पूरी तरह स्वायत्त तरीके से काम करना चाहिए। उन्होंने पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टीएन शेषन का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता और स्वतंत्रता की मिसाल कायम की थी, लेकिन मौजूदा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
महुआ माजी ने दावा किया कि दो चुनाव आयुक्तों की ओर से यह आरोप लगाए गए हैं कि कई फैसले उनकी सहमति के बिना लिए गए। उन्होंने केंद्र सरकार पर इस मामले को लेकर पर्दा डालने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त इस्तीफा नहीं देते या उन्हें पद से हटाया नहीं जाता, तब तक JMM का विरोध जारी रहेगा।
मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के मुद्दे पर भी महुआ माजी ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यदि इसी तरह लोगों के नाम मतदाता सूची से हटते रहे तो भविष्य में उनके नागरिक अधिकारों पर भी सवाल खड़े हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि इसका असर लोगों की शिक्षा, रोजगार, बैंकिंग और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच पर पड़ने की आशंका है।
SIR प्रक्रिया नए सिरे से शुरू करने की मांग
महुआ माजी ने झारखंड में चल रही SIR प्रक्रिया को खारिज कर नए सिरे से शुरू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया को लेकर गड़बड़ी और षड्यंत्र के आरोप सामने आ रहे हैं, ऐसे में इसकी समीक्षा जरूरी है।
उन्होंने कहा कि रोजगार के लिए बड़ी संख्या में लोग दूसरे राज्यों में पलायन करते हैं और उनके लिए वर्षों पुराने दस्तावेज सुरक्षित रखना हमेशा संभव नहीं होता। ऐसे में दस्तावेजों की कमी के आधार पर किसी व्यक्ति के अधिकारों पर सवाल नहीं उठाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने ही देश में पराया नहीं बनाया जाना चाहिए। JMM ने स्पष्ट किया कि SIR को लेकर पार्टी अपना विरोध और मांग आगे भी आगे भी जारी रहेगी।