रेडियम रोड की दुकान में चोरी का खुलासा, 15.70 लाख की सिगरेट बरामदBy Mid Time Bureau Mon, 28 September 2026 06:44 PM

रांची: रांची के रेडियम रोड स्थित सुवालाल गोपीलाल जैन की दुकान में हुई चोरी का कोतवाली थाना पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर करीब 3 हजार रुपये नकद, बिना सिम का एक पुराना मोबाइल फोन और लगभग 15.70 लाख रुपये मूल्य की सिगरेट चोरी कर ली थी। मामले में दुकान से जुड़े विनायक भारती के लिखित आवेदन पर कोतवाली थाना कांड संख्या 220/2026 दर्ज किया गया था।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कुंदन वर्मा और विजय रजक उर्फ लल्लू को हिरासत में लिया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई सिगरेट और मोबाइल बरामद किया गया है। बरामद सिगरेट को छह बैग और तीन झोलों में रखा गया था।

गिरफ्तार आरोपियों में कुंदन वर्मा हरमू रोड शिवाजी लेन चौक और विजय रजक उर्फ लल्लू न्यू किशोरगंज रोड नंबर 6/2 का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, कुंदन वर्मा का पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में जेल जाने का इतिहास रहा है। उसके खिलाफ सुखदेवनगर थाने में चोरी, मारपीट, हत्या के प्रयास और एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं।

कार्रवाई में सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली निखिल राय, कोतवाली थाना के सहायक थाना प्रभारी सनोज कुमार चौधरी, सुखदेवनगर थाना के सहायक थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा सहित कोतवाली और सुखदेवनगर थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल रहे।