
रांची: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में होने वाले दूसरे टी-20 मुकाबले को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को समाहरणालय में डीसी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग और दर्शकों की आवाजाही को लेकर विस्तृत योजना पर चर्चा हुई।
मैच के दिन बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों के रांची पहुंचने की संभावना को देखते हुए स्टेडियम में प्रवेश की व्यवस्था पहले से तय कर दी गई है। दर्शकों को सिर्फ निर्धारित गेट से ही एंट्री मिलेगी और प्रवेश के दौरान कतार की व्यवस्था रहेगी। दोपहर 3 बजे से दर्शकों का प्रवेश शुरू होगा।
प्रशासन ने यह भी साफ किया है कि बिना टिकट वाले लोगों को स्टेडियम के आसपास बेवजह जमा नहीं होने दिया जाएगा। इसका मकसद प्रवेश के वक्त भीड़ बढ़ने और किसी तरह की अव्यवस्था से बचना है।
डीसी ने अधिकारियों को स्टेडियम के अंदर के साथ-साथ आसपास के इलाकों में भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने का निर्देश दिया। ट्रैफिक व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और पार्किंग को लेकर सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया।
मैच के दौरान यातायात को सुचारु रखने के लिए रूट प्लान और पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं। दर्शकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
प्रशासन ने क्रिकेट प्रेमियों से कहा है कि वे प्रवेश के दौरान निर्धारित गेट और कतार व्यवस्था का पालन करें। स्टेडियम में प्रतिबंधित सामान लेकर न पहुंचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
बैठक में एसएसपी राकेश रंजन, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर धनंजय कुमार, एसडीओ सदर कुमार रजत, सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, ट्रेनी आईएएस आस्था शरण और जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पांडेय व सचिव सौरभ तिवारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों और जेएससीए पदाधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।