भारत-वेस्टइंडीज T20 के टिकट रेट जारी, 1600 से 18 हजार रुपये तक कीमतBy Mid Time Bureau Tue, 29 September 2026 11:05 AM

रांची में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी20 मुकाबले को लेकर क्रिकेट फैंस के लिए अहम अपडेट सामने आया है। 9 अक्टूबर 2026 को जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खेले जाने वाले दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के टिकटों की कीमत जेएससीए ने जारी कर दी है।

जेएससीए की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, टिकटों की शुरुआती कीमत 1600 रुपये रखी गई है, जबकि सबसे महंगा टिकट 18 हजार रुपये का होगा। अलग-अलग स्टैंड और सुविधाओं के आधार पर टिकट की कीमत तय की गई है।

विंग ए के लोअर टियर का टिकट 3000 रुपये और अपर टियर का 2000 रुपये होगा। वहीं, विंग बी के लोअर टियर के लिए 3500 रुपये और अपर टियर के लिए 2500 रुपये देने होंगे। विंग सी में लोअर टियर की कीमत 3000 रुपये और अपर टियर की 2000 रुपये तय की गई है। विंग डी के लोअर टियर का टिकट 3000 रुपये और स्पाइस बॉक्स का टिकट 2500 रुपये रखा गया है।

ईस्ट हिल और वेस्ट हिल के टिकट 1600 रुपये में उपलब्ध होंगे। अमिताभ चौधरी पवेलियन के प्रीमियम टेरेस की कीमत 4500 रुपये निर्धारित की गई है।

हॉस्पिटैलिटी कैटेगरी में कीमतें काफी ज्यादा हैं। प्रेसिडेंट्स एन्क्लोजर का टिकट 18 हजार रुपये, हॉस्पिटैलिटी बॉक्स का 9 हजार रुपये, कॉरपोरेट बॉक्स का 8 हजार रुपये और कॉरपोरेट लाउंज का टिकट 15 हजार रुपये रखा गया है।

इसके अलावा एमएस धोनी पवेलियन के लग्जरी पार्लर, हॉस्पिटैलिटी सुविधा के साथ, 10 हजार रुपये में मिलेगा। डोनर्स एन्क्लोजर के टिकट की कीमत 4 हजार रुपये तय की गई है।

हालांकि, टिकट की कीमतें सामने आने के बावजूद दर्शकों को अभी बुकिंग शुरू होने का इंतजार करना होगा। जेएससीए ने कहा है कि आम दर्शकों के लिए टिकट बिक्री और ऑनलाइन बुकिंग से जुड़ी तारीख, प्रक्रिया और अन्य जानकारी बाद में जारी की जाएगी।

यानी फिलहाल टिकट की कीमतों का ऐलान हुआ है, लेकिन टिकट कब और कैसे खरीदे जा सकेंगे, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी बाकी है। रांची में 9 अक्टूबर को होने वाले इस मुकाबले के लिए क्रिकेट फैंस की नजर अब टिकट बिक्री की तारीख पर है।