
रांची: जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में दिनदहाड़े हुई करोड़ों रुपये के सोना और नकदी लूट के मामले में चतरा कनेक्शन सामने आया है। चतरा पुलिस ने जिले के अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई करते हुए चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पूछताछ के दौरान पुलिस को बैंक लूटकांड से जुड़े अहम सुराग मिलने की बात सामने आई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए चार संदिग्धों में से दो के जमशेदपुर बैंक लूटकांड के मुख्य आरोपी से लगातार संपर्क में रहने की जानकारी मिली है। हालांकि, लूट की वारदात में इनकी वास्तविक भूमिका क्या थी और इनका अन्य आरोपियों से किस तरह का संबंध है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
चतरा पुलिस ने पूछताछ के बाद चारों संदिग्धों को जमशेदपुर पुलिस के हवाले कर दिया है। अब जमशेदपुर पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और लूटकांड में उनकी संभावित भूमिका के साथ-साथ फरार आरोपियों से उनके संपर्क और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।
गौरतलब है कि 24 सितंबर की सुबह जमशेदपुर के व्यस्त गोलमुरी चौक के पास स्थित केनरा बैंक में हथियारबंद अपराधियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। बारिश के दौरान रेनकोट पहनकर पहुंचे पांच अपराधियों ने बैंककर्मियों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया था। इसके बाद करीब 24 मिनट के भीतर अपराधियों ने बैंक के आयरन चेस्टर और सेफ में रखे सोने के पैकेट और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
बताया गया है कि अपराधी करीब 600 पैकेट में रखे लगभग 23 किलोग्राम सोना और 43 लाख रुपये नकद लेकर फरार हुए। सोने की कीमत करीब 36 करोड़ रुपये आंकी गई है। वारदात के बाद अपराधी दो बाइक से मौके से फरार हो गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जमशेदपुर पुलिस ने करीब 20 अधिकारियों की विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की है। अब चतरा से हिरासत में लिए गए संदिग्धों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस लूटकांड के नेटवर्क और फरार आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।