
रांची: वियतनाम में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले रांची निवासी राजा कुमार बंसी का पार्थिव शरीर वापस लाने के लिए परिवार ने अब जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। मंगलवार को परिजनों ने उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री से मुलाकात कर विदेश में फंसे पार्थिव शरीर को जल्द रांची लाने की व्यवस्था कराने का आग्रह किया।
कैलाश नगर निवासी राजा कुमार बंसी के साथ 25 सितंबर को वियतनाम में सड़क दुर्घटना हुई थी। हादसे के बाद उनकी स्थिति गंभीर हो गई और 26 सितंबर की अहले सुबह उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद से परिवार सदमे में है और अब अपने प्रियजन को अंतिम विदाई देने के लिए उनके पार्थिव शरीर के रांची पहुंचने का इंतजार कर रहा है।
राज्य सरकार के निर्देश पर सक्रिय हुआ प्रशासन
परिजनों की मांग के बाद जिला प्रशासन ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। राज्य सरकार के दिशा-निर्देश के तहत वियतनाम से पार्थिव शरीर को रांची लाने के लिए संबंधित विभागों और अन्य स्तरों पर समन्वय किया जा रहा है।
प्रशासन की ओर से परिजनों को भरोसा दिया गया है कि पार्थिव शरीर को जल्द रांची लाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। आवश्यक प्रशासनिक औपचारिकताओं को पूरा कराने के लिए संबंधित एजेंसियों और विभागों से संपर्क किया जा रहा है।
डीसी ने दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने शोकाकुल परिवार को प्रशासन की ओर से हर जरूरी सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। प्रशासन ने कहा कि परिवार की परेशानी को देखते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और पार्थिव शरीर को जल्द रांची लाने की प्रक्रिया में तेजी लाने का प्रयास जारी है।
