तुपुदाना में मानव दिवस कर्मियों की शिकायतों पर बवाल, अजय राय ने सौंपा ज्ञापनBy Mid Time Bureau Tue, 29 September 2026 06:42 PM

रांची: तुपुदाना प्रशाखा में मानव दिवस कर्मियों से जुड़ी शिकायतों को लेकर झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ ने निष्पक्ष विभागीय जांच की मांग की है। संघ के केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने विद्युत आपूर्ति क्षेत्र, कुसई कॉलोनी, डोरंडा के महाप्रबंधक (तकनीकी) मनमोहन कुमार से मुलाकात कर लिखित ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में तुपुदाना प्रशाखा में कार्यरत कनीय विद्युत अभियंता अंकित कुमार की कार्यप्रणाली और मानव दिवस कर्मियों से संबंधित कई शिकायतों का उल्लेख किया गया है। संघ ने मामले की जांच कर पूरे तथ्य सामने लाने की मांग की है।

संघ के मुताबिक, मानव दिवस कर्मियों को काम से हटाने की कथित धमकी, उनकी जगह परिचितों या रिश्तेदारों को काम पर रखने के प्रयास और ऑनलाइन विद्युत संबंध, कनेक्शन रिलीज, राजस्व तथा OTP आधारित संवेदनशील विभागीय कार्यों को लेकर शिकायतें सामने आई हैं। संघ ने इन सभी मामलों की जांच की मांग की है।

ज्ञापन में करीब एक वर्ष पहले मानव दिवस कर्मी संदीप कुमार को हटाकर उनकी जगह कनीय विद्युत अभियंता के भाई प्रमोद कुमार को काम पर रखे जाने संबंधी शिकायत की भी जांच की मांग की गई है। साथ ही संघ ने कहा है कि संवेदनशील ऑनलाइन और राजस्व से जुड़े कार्य केवल विभाग द्वारा अधिकृत कर्मियों से ही कराए जाने चाहिए।

हटिया-तुपुदाना क्षेत्र में पोल और तार शिफ्टिंग से जुड़े मामलों को भी जांच के दायरे में लाने की मांग की गई है। संघ ने इन कार्यों में Estimate/Costing, सक्षम स्वीकृति और विभागीय राजस्व जमा होने की स्थिति की जांच कराने की बात कही है। इसके अलावा मानव दिवस कर्मी गखीन माझी (करण मांझी) को 18 सितंबर 2026 को काम से हटाए जाने के मामले की निष्पक्ष जांच की मांग भी की गई है।

संघ ने कार्यालय आदेश संख्या-11, दिनांक 26 सितंबर 2026 की अधिकारिता और नियमसम्मतता की जांच की मांग की है। संघ का कहना है कि इस आदेश में नियमित कर्मचारियों के पदस्थापन या स्थानांतरण के साथ मानव दिवस कर्मियों के स्थानांतरण का भी उल्लेख है। ऐसे में आदेश जारी करने की प्रक्रिया और अधिकार क्षेत्र की विभागीय जांच जरूरी है।

अजय राय ने कहा कि मानव दिवस कर्मी लंबे समय से विद्युत विभाग में सेवाएं दे रहे हैं और कठिन परिस्थितियों में भी विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बनाए रखने में भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि किसी कर्मी को उचित कारण, पारदर्शी प्रक्रिया और सक्षम स्तर की अनुमति के बिना काम से हटाना उचित नहीं है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि संघ किसी व्यक्ति के खिलाफ व्यक्तिगत कार्रवाई की मांग नहीं कर रहा है, बल्कि शिकायतों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच चाहता है। अजय राय के मुताबिक, जांच में शिकायतें गलत पाए जाने पर स्थिति स्पष्ट होगी और यदि नियमों का उल्लंघन या अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने ऑनलाइन नए विद्युत संबंध, कनेक्शन रिलीज, राजस्व और OTP आधारित कार्यों को संवेदनशील बताते हुए इन्हें केवल अधिकृत एवं जिम्मेदार विभागीय कर्मियों के माध्यम से कराने की मांग की। साथ ही पोल और तार शिफ्टिंग के मामलों में निर्धारित Estimate/Costing, सक्षम स्वीकृति और राजस्व जमा करने की प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने की बात कही।

संघ ने महाप्रबंधक (तकनीकी) से पूरे मामले की विभागीय जांच कराने और जांच पूरी होने तक संबंधित अभिलेखों एवं दस्तावेजों को सुरक्षित रखने की मांग की है। साथ ही मानव दिवस कर्मियों के साथ किसी भी तरह के भेदभाव या मनमानी से बचते हुए विभागीय नियमों के अनुसार पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है।