
रांची : रांची पुलिस की ओर से सावित्रीबाई फुले राष्ट्रीय महिला एवं बाल विकास संस्थान (SPNIWCD), क्षेत्रीय केंद्र रांची में साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल कल्याण को लेकर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। 29 और 30 सितंबर को मिशन शक्ति के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 27 प्रतिभागी शामिल हुए।
कार्यक्रम के पहले दिन रांची पुलिस के साइबर विशेषज्ञों ने महिला एवं किशोरियों की साइबर सुरक्षा और डिजिटल साक्षरता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। डीएसपी (साइबर) प्रदीप कुमार ने पहले सत्र में मजबूत पासवर्ड, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन, अकाउंट सुरक्षा, सोशल मीडिया प्राइवेसी सेटिंग्स और सुरक्षित ब्राउजिंग से संबंधित व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया।
दूसरे सत्र में साइबर क्राइम थाना के पुलिस निरीक्षक राहुल कुमार मिश्रा ने साइबर घटना के बाद तत्काल उठाए जाने वाले कदम, डिजिटल साक्ष्यों के संरक्षण और साइबर अपराध से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। प्रतिभागियों को स्क्रीनशॉट और संदेश जैसे डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने तथा आधिकारिक पोर्टल और हेल्पलाइन के माध्यम से साइबर अपराध की रिपोर्टिंग की प्रक्रिया भी बताई गई।
प्रशिक्षण का उद्देश्य संबंधित कर्मियों को महिलाओं एवं किशोरियों को साइबर अपराध से बचाव के लिए सक्षम बनाना, डिजिटल साक्षरता बढ़ाना और साइबर घटनाओं की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रथम प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है। प्रशिक्षण से महिला एवं बाल विकास से जुड़े पदाधिकारियों तथा वन स्टॉप सेंटर के कर्मियों को मैदानी स्तर पर सहायता देने में मदद मिलेगी।