
रांची: रांची के रातू थाना क्षेत्र में करमा पर्व की रात युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना 22 सितंबर की बताई गई है। पीड़िता ने 26 सितंबर को रातू थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इसके आधार पर रातू थाना कांड संख्या 326/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार, घटना की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी के निर्देश पर डीएसपी सदर रांची के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल गठित किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर मामले में शामिल चार लोगों की पहचान की। इनमें दो आरोपियों संदीप मुंडा उर्फ रावन (22) और सुनील मुंडा (23) को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपियों ने बताया कि वे रातू थाना क्षेत्र के चटकपुर पंचायत में करमा पूजा मेला देखकर नशे की हालत में लौट रहे थे। रास्ते में उन्होंने पीड़िता को मोबाइल फोन पर बात करते हुए देखा। पुलिस के अनुसार, इसके बाद आरोपियों ने मौका देखकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और उसके पास से चेन छीन ली, जिसे बाद में बेच दिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी संदीप मुंडा के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस का दावा है कि मोबाइल में घटना से संबंधित साक्ष्य मिले हैं। गिरफ्तार आरोपियों में संदीप मुंडा उर्फ रावन, पिता स्व. लालू मुंडा, जबकि सुनील मुंडा, पिता शिवु मुंडा, चटकपुर निवासी है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि निरुद्ध किए गए दोनों नाबालिगों को विधिवत न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।