नालसा और झालसा के निर्देश पर बोर्ड ऑफ विजिटर्स ने किया मंडल कारा का निरीक्षणBy Mid Time Bureau Wed, 30 September 2026 07:02 PM

बंदियों के रहने, खान-पान एवं अन्य सुविधाओं का लिया जायजा, दिए आवश्यक निर्देश

नालसा, नई दिल्ली के निर्देशानुसार एवं झालसा, रांची के मार्गदर्शन में व्यवहार न्यायालय, चाईबासा में गठित बोर्ड ऑफ विजिटर्स द्वारा आज मंडल कारा, चाईबासा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का नेतृत्व प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा ने किया।

इस अवसर पर उपायुक्त-सह-उपाध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, चाईबासा मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक-सह-सदस्य अमित रेणु तथा उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान मंडल कारा में बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही विधिक सहायता से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। टीम ने कारा स्थित लीगल एड क्लिनिक, बंदियों के परिजनों के लिए मुलाकाती हेल्प डेस्क, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष, भवन एवं बैरकों की व्यवस्था, मुलाकात कक्ष, बंदियों को प्रदान की जा रही सुविधाओं, शौचालय, भोजन की गुणवत्ता, शिकायत पेटी, पेयजल तथा प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।

इसके अलावा बंदियों के मामलों में आने वाली समस्याओं तथा कारा एवं अन्य स्थानों पर जाति आधारित भेदभाव से संबंधित जानकारी भी ली गई। निरीक्षण के दौरान किसी भी बंदी द्वारा कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई।

इस अवसर पर जेल अधीक्षक सुनील कुमार, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता, संबंधित अधिकारी एवं न्यायालय के कर्मचारी भी उपस्थित थे।

उपरोक्त जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रवि चौधरी ने दी।