झारखंड महिला पारा वॉलीबॉल टीम ने जीता कांस्य पदकBy Mid Time Bureau Wed, 30 September 2026 07:13 PM

रांची: झारखंड की महिला पारा वॉलीबॉल टीम ने तीसरे फेडरेशन कप पारा सिटिंग वॉलीबॉल चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन 25 से 28 सितंबर तक तमिलनाडु के इरोड में किया गया।

झारखंड की टीम ने प्रतियोगिता में शानदार शुरुआत करते हुए अपने पहले मुकाबले में आंध्र प्रदेश को 3-0, दूसरे मुकाबले में महाराष्ट्र को 3-0 और तीसरे मैच में मेजबान तमिलनाडु को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में गुजरात के खिलाफ झारखंड और गुजरात के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। कांटे की टक्कर में झारखंड को 2-3 से हार का सामना करना पड़ा।

इसके बाद तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में झारखंड की टीम ने तमिलनाडु को 3-0 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया। टीम को पदक और ट्रॉफी पैरालंपिक कमिटी ऑफ इंडिया के महासचिव जयवंत गुंडू हमनावर, पारा वॉलीबॉल एसोसिएशन ऑफ तमिलनाडु के अध्यक्ष डॉ. मक्कल जी. राजन और पारा वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के सचिव विजय राव शिंदे ने प्रदान की।

रांची पहुंचने पर हुआ स्वागत

प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद झारखंड की टीम 30 सितंबर को रांची रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां पारा वॉलीबॉल एसोसिएशन ऑफ झारखंड के पदाधिकारियों, खेलप्रेमियों और समर्थकों ने खिलाड़ियों का स्वागत किया और कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी।

टीम की कप्तान प्रतिमा तिर्की के अलावा अनीता तिर्की, संजुक्ता एक्का, महिमा उरांव, पुष्पा मिंज, सुनीता कुमारी, सरिता भुठकुमारी मुंडा, निक्की कुमारी, सुलेखा कुमारी, पूनम कुमारी, जयश्री कुमारी, रेनू कुमारी और असुंता टोप्पो टीम में शामिल थीं। टीम के साथ कोच मुकेश कंचन और पारा वॉलीबॉल एसोसिएशन ऑफ झारखंड की सचिव सरिता कुमारी भी मौजूद रहीं।

एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मेहता, पतरस तिर्की, वागीस त्रिपाठी और जगदीश कुमार ने टीम को कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी। एसोसिएशन ने कहा कि खिलाड़ियों ने मेहनत और बेहतर प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का नाम रोशन किया है।