
रांची: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय रांची में बुधवार को सितंबर 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले आठ कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। वहीं, सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत सेवानिवृत्त कर्मियों को उनके संबंधित क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से सम्मानित किया गया। इस तरह मुख्यालय और विभिन्न क्षेत्रों से कुल 84 कर्मी सेवानिवृत्त हुए।
समारोह में सेवानिवृत्त कर्मियों के सेवाकाल के अनुभवों और यादों पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। इस दौरान कर्मियों ने सीसीएल में अपने कार्यकाल से जुड़ी भावनाएं और अनुभव साझा किए।
मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वालों में महाप्रबंधक (ई एंड एम) सुचंद्रा सिन्हा, महाप्रबंधक (ई एंड टी) संतोष कुमार सिंह, मुख्य प्रबंधक (वित्त) रंधीर कुमार सिंह, मुख्य प्रबंधक (मानव संसाधन) गौतम चौधरी, प्रबंधक (खेल) आदिल हुसैन, ओएस ग्रेड-ए1 अनिल कुमार सहनी, मुख्य फार्मासिस्ट कमलेश पंडित और चपरासी मोहन तांती शामिल हैं।
कार्यक्रम में सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र और मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार मौजूद रहे। सीएमडी ने सेवानिवृत्त कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके वर्षों के अनुभव, मेहनत और समर्पण ने सीसीएल की कार्यसंस्कृति और प्रगति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने सभी को नई जीवन-यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ, सुखद और संतोषपूर्ण जीवन की कामना की।
इस अवसर पर सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल, पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी और सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन उपस्थित रहे।