
रांची: झारखंड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को राजभवन में राज्यपाल से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने महात्मा गांधी के विचारों एवं आदर्शों पर आधारित पुस्तक राज्यपाल को भेंट की और कर्मचारियों की विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों की सेवा, मानदेय, भविष्य की सुरक्षा समेत अन्य लंबित मामलों को राज्यपाल के समक्ष रखा। कर्मचारियों ने कहा कि खादी एवं ग्रामोद्योग के क्षेत्र में कार्यरत कर्मी लंबे समय से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए बोर्ड की गतिविधियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद उनकी कई समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हो पाया है।
मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने महात्मा गांधी के विचारों और देश के सामाजिक-आर्थिक विकास में खादी की भूमिका पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि गांधीजी ने खादी को आत्मनिर्भरता, स्वावलंबन, श्रम की गरिमा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जोड़ा था। खादी एवं ग्रामोद्योग के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना गांधीजी के विचारों को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
राज्यपाल ने कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि इन विषयों को लेकर मुख्यमंत्री से बातचीत कर उचित समाधान की दिशा में पहल की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल ने समस्याओं को गंभीरता से सुनने और समाधान के लिए सकारात्मक पहल का आश्वासन देने पर राज्यपाल के प्रति आभार जताया। प्रतिनिधिमंडल में लाल सुशांत नाथ शाहदेव, अभिषेक कुमार, अभिजीत सिंह, कौशल नाथ शाहदेव और केका सरकार शामिल थे।