BIT Mesra में रक्तदान शिविर, युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्साBy Mid Time Bureau Thu, 01 October 2026 05:47 PM

रांची: राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर BIT Mesra के लालपुर कैंपस में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), रामप्यारी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल और मारवाड़ी युवा मंच के सहयोग से आयोजित इस शिविर में छात्रों और युवाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। शिविर में कुल 170 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।

आयोजन के दौरान युवाओं में रक्तदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। छात्रों ने बड़ी संख्या में आगे आकर रक्तदान किया। रक्तदान करने वाले युवाओं का उत्साह उस समय और बढ़ गया, जब उन्हें हेलमेट देकर सम्मानित किया गया।

इस शिविर की खास बात छात्राओं की भागीदारी रही। छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर रक्तदान किया और रक्तदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। आयोजकों के अनुसार, इस तरह के आयोजनों में छात्राओं की सक्रिय भागीदारी उत्साहजनक रही।

संस्थान के निदेशक डॉ. विजय कुमार झा ने रक्तदान करने वाले सभी युवाओं को ‘रक्तवीर’ के रूप में सम्मानित करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए रक्तदाताओं और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों की सराहना की।

आयोजन को सफल बनाने में मारवाड़ी युवा मंच के कार्यकर्ताओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंच के कार्यकर्ताओं ने शिविर के संचालन और व्यवस्थाओं में सहयोग किया।

कार्यक्रम के संयोजक डॉ. अभय रंजन श्रीवास्तव ने शिविर की सफलता पर सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्तदान के प्रति जागरूकता ही ऐसे आयोजनों की सफलता का सबसे महत्वपूर्ण आधार है।

शिविर में डॉ. संदीप शाहदेव, शिखा प्रिया, डॉ. प्रदीप मुंडा, राणा प्रताप मिश्रा, अजय कुमार, सुमित अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल, विनीत कुमार, सहबाज अख्तर, जोशी डेविड, डॉ. मयंक, डॉ. मानसी, अनामिका, नरेंद्र कुमार और डॉ. सोमित्रो समेत कई लोगों ने सहयोग किया।

वहीं, NSS की ओर से आशिका, कृष्णा, अभिनव, शिवेंदु, स्वधा, मान्या और निमेष ने आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

आयोजकों ने कहा कि 170 यूनिट रक्त का संग्रह युवाओं की सामाजिक जिम्मेदारी और रक्तदान के प्रति बढ़ती जागरूकता को दर्शाता है।