
रांची: खिजरी विधानसभा क्षेत्र के महिलौंग में भारतीय जनता पार्टी की ओर से ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, सहिया दीदियों, माताओं, बच्चों और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान आंगनवाड़ी और सहिया दीदियों को उनके सेवाभाव के लिए सम्मानित किया गया, वहीं बच्चों को शैक्षणिक सामग्री भी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर राज्यसभा सांसद, बीजेपी के राष्ट्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा मौजूद रहे। उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और बच्चों के समुचित विकास में आंगनवाड़ी और सहिया कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने कहा कि सेवा का अर्थ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना है और आंगनवाड़ी एवं सहिया दीदियां इस संकल्प की अग्रिम पंक्ति में काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इन कार्यकर्ताओं के जरिए स्वास्थ्य, पोषण और जनकल्याण से जुड़ी व्यवस्थाएं जमीनी स्तर तक पहुंचती हैं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को शैक्षणिक सामग्री देकर प्रोत्साहित किया गया। वहीं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और सहिया दीदियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। मौजूद माताओं और बच्चों से स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और बच्चों के समग्र विकास को लेकर भी संवाद किया गया।
इस मौके पर बीजेपी के जिला अध्यक्ष धीरज महतो, प्रदेश प्रवक्ता आरती कुजूर, पूर्व विधायक राम कुमार पाहन समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और स्थानीय नागरिक भी शामिल हुए।