
Ranchi: राज्य में महिलाओं के लिए संचालित मंईयां सम्मान योजना को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत महतो ने दावा किया है कि योजना की लाभुक सूची से करीब डेढ़ लाख महिलाओं के नाम हटा दिए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस योजना को चुनाव से पहले महिलाओं के सम्मान और आर्थिक मदद से जोड़ा गया था, अब उसी में बड़ी संख्या में लाभुकों के नाम काटे जा रहे हैं।
रमाकांत महतो ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले 18 से 50 वर्ष की महिलाओं को हर साल 30 हजार रुपये देने की घोषणा की गई थी। भाजपा का दावा है कि सरकार बनने के बाद पहले लाभुकों की संख्या 50 लाख से घटाकर 35 लाख की गई और अब करीब डेढ़ लाख नाम और हटा दिए गए हैं।
भाजपा ने सवाल उठाया है कि अगर ये महिलाएं योजना के लिए अपात्र थीं, तो चुनाव से पहले उन्हें लाभुक सूची में शामिल क्यों किया गया था। रमाकांत महतो ने बिना पूर्व सूचना और स्पष्ट जांच के नाम हटाए जाने को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा।
पार्टी ने राज्य सरकार से हटाए गए सभी डेढ़ लाख लाभुकों के नाम और उन्हें सूची से हटाने की वजह सार्वजनिक करने की मांग की है। साथ ही भाजपा ने पात्र महिलाओं का लाभ दोबारा बहाल करने और पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग रखी है। पार्टी ने जांच में गड़बड़ी सामने आने पर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की भी मांग की है।