
शनिवार सुबह सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र में NH-33 पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोलकाता से रांची जा रही शिवम बस झाबरी गांव के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के वक्त बस में करीब 25 से 30 यात्री सवार थे। दुर्घटना में कई यात्रियों के घायल होने की जानकारी है।
बताया जा रहा है कि हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ। उस समय ज्यादातर यात्री बस में सो रहे थे। अचानक बस के पलटने से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही चौका थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में गंभीर रूप से घायल तीन यात्रियों समेत अन्य घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के साथ बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
हादसे के बाद कुछ समय तक NH-33 पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाकर वाहनों की आवाजाही सामान्य कराई। फिलहाल पुलिस हादसे की वजह का पता लगाने में जुटी है।