
रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में पुलिस ने आपराधिक वारदात की योजना बना रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक पिस्टल, मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस और चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ रांची के अलग-अलग थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज होने की बात पुलिस ने बताई है।
पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक को 2 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि छोटु उर्फ गुरफान खान उर्फ गुफरान उर्फ छोटन अपने सहयोगियों के साथ हाईटेंशन ग्राउंड के समीप स्थित खंडहर भवन में हथियार के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रथम के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने खंडहर भवन के पास पहुंचकर जांच की तो वहां एक यामहा एफजेड और एक बुलेट मोटरसाइकिल खड़ी मिली। दोनों वाहनों पर एक-एक व्यक्ति बैठे थे। पुलिस को देखते ही दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों की पहचान छोटु उर्फ गुरफान खान उर्फ गुफरान उर्फ छोटन (34), निवासी मौलाना आजाद कॉलोनी, वर्तमान पता पुंदाग ईलाही नगर, जाकिर कॉलोनी तथा फरमान अंसारी उर्फ मनिया उर्फ छोटु (26), निवासी आईएसएम चौक, बंगला टोली, पुंदाग के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान छोटु के पास से कमर में छिपाकर रखा गया एक पिस्टल, मैगजीन और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा पुलिस ने यामहा एफजेड मोटरसाइकिल संख्या JH-02BD-4001 और बुलेट मोटरसाइकिल संख्या JH01DK-8438 जब्त की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने दोनों मोटरसाइकिलों को चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने हथियार का इस्तेमाल छिनतई और लूटपाट की घटनाओं में करने की बात भी बताई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर नामकुम थाना कांड संख्या 272/26, दिनांक 2 अक्टूबर 2026 के तहत BNS और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है तथा घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, छोटु उर्फ गुरफान के खिलाफ रांची के विभिन्न थानों में हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, चोरी और छिनतई समेत 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं फरमान अंसारी के खिलाफ जगन्नाथपुर, अरगोड़ा और डेली मार्केट थानों में लूट, चोरी और छिनतई के चार मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है।