देर रात रांची के दस से अधिक बारों में पुलिस की छापेमारी, अनियमितताओं की हुई जांचBy Mid Time Bureau Sun, 04 October 2026 12:25 PM

रांची। शनिवार की देर रात रांची में उस समय हड़कंप मच गया, जब शहर के कई इलाकों में एक साथ पुलिस की गाड़ियां और सायरन सुनाई देने लगे। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर रांची पुलिस ने शहर के दस से अधिक प्रमुख बारों में एक साथ औचक छापेमारी की। कार्रवाई का नेतृत्व सिटी एसपी पारस राणा और ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने किया।

पुलिस की टीमों ने अलग-अलग इलाकों में स्थित बारों में पहुंचकर वहां संचालित गतिविधियों की जांच की। छापेमारी का मुख्य उद्देश्य बार संचालकों द्वारा नियमों की अनदेखी और विभिन्न प्रकार की अनियमितताओं की जांच करना था। पुलिस ने विशेष रूप से बार के लाइसेंस, संचालन के निर्धारित समय, शराब परोसने के नियमों और अन्य प्रतिबंधित गतिविधियों की जानकारी जुटाई।

जांच के दौरान इस बात पर भी विशेष नजर रखी गई कि कहीं बार में निर्धारित समय सीमा के बाद भी शराब परोसी तो नहीं जा रही थी। इसके अलावा हुक्का परोसे जाने और नाबालिगों को शराब उपलब्ध कराने जैसी गंभीर शिकायतों की भी जांच की गई।

पुलिस की इस एक साथ की गई कार्रवाई से बार संचालकों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। देर रात तक पुलिस की अलग-अलग टीमें बारों में जांच करती रहीं और आवश्यक दस्तावेजों की पड़ताल की।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान सामने आने वाली अनियमितताओं के आधार पर संबंधित बार संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। अचानक हुई इस कार्रवाई को शहर में देर रात तक चलने वाले बारों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ-साथ नाबालिगों को शराब जैसी प्रतिबंधित चीजों से दूर रखना भी है।