JSSC-JPSC मामलों की सुनवाई से पहले अभ्यर्थियों ने खोला सहयोग अभियानBy Mid Time Bureau Sun, 04 October 2026 12:38 PM

रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) और झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में सुधार और अभ्यर्थियों के हितों को लेकर संघर्षरत छात्रों ने आगामी महत्वपूर्ण अदालती सुनवाइयों के मद्देनजर आर्थिक सहयोग की अपील की है। छात्रों ने सुप्रीम कोर्ट और झारखंड हाईकोर्ट में चल रहे मामलों की पैरवी के लिए 48 घंटे के भीतर 1.50 लाख रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा है।

अभ्यर्थियों के अनुसार, आगामी 6 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट और 7 अक्टूबर को झारखंड हाईकोर्ट में JSSC और JPSC से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों की सुनवाई होनी है। इन मामलों में प्रभावी तरीके से पैरवी के लिए अधिवक्ताओं की फीस, दिल्ली समेत अन्य स्थानों की यात्रा, अदालती दस्तावेज, पेपर वर्क, दस्तावेजों के अनुवाद और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं में खर्च होने वाले पैसे की आवश्यकता होगी।

इसी को देखते हुए छात्रों की ओर से सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से अभ्यर्थियों से अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग राशि देने की अपील की गई है। छात्रों का कहना है कि परीक्षाओं में पारदर्शिता और अभ्यर्थियों के अधिकारों के लिए चल रही इस न्यायिक लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने के लिए सभी का सहयोग जरूरी है।

अपील जारी होने के बाद कई अभ्यर्थियों ने अपनी ओर से सहयोग राशि देना शुरू कर दिया है। छात्रों की ओर से आर्थिक सहयोग में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए दानदाताओं की सूची भी सार्वजनिक की जा रही है। उनका कहना है कि सहयोग पूरी तरह स्वैच्छिक है और अभ्यर्थी अपनी क्षमता के अनुसार इसमें योगदान कर रहे हैं।

छात्रों ने उम्मीद जताई है कि सामूहिक सहयोग से आगामी सुनवाइयों में कानूनी लड़ाई को मजबूती मिलेगी और JSSC-JPSC परीक्षाओं से जुड़े मामलों में अभ्यर्थियों के हितों और न्याय की मांग को प्रभावी ढंग से अदालत के समक्ष रखा जा सकेगा।