रांची में होने वाले IND vs WI मैच पर बारिश का साया! 9 अक्टूबर तक वर्षा-वज्रपात का अलर्ट By Mid Time Bureau Mon, 05 October 2026 05:20 PM

झारखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है… और इसी बीच रांची में होने वाले भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले पर भी बारिश का साया मंडराता नजर आ रहा है। 9 अक्टूबर को रांची में IND vs WI का मुकाबला होना है, लेकिन मौसम विभाग के पूर्वानुमान ने क्रिकेट फैंस की चिंता बढ़ा दी है। सवाल है—क्या बारिश मैच का मजा किरकिरा कर सकती है?

मौसम केंद्र रांची के मुताबिक 6 से 9 अक्टूबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ वज्रपात और तेज हवाओं की भी संभावना जताई गई है।

5 अक्टूबर को उत्तर-पूर्वी, मध्य और उत्तर-पश्चिमी झारखंड के कुछ इलाकों में बारिश के आसार हैं। हजारीबाग, कोडरमा और चतरा समेत आसपास के क्षेत्रों में वज्रपात की संभावना है, जबकि कुछ जगहों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

6 से 8 अक्टूबर के बीच भी राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और कहीं-कहीं बारिश के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना है।

अब बात रांची की… जहां 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच मुकाबला होना है। राजधानी में 6 से 8 अक्टूबर तक हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है और 9 अक्टूबर को भी गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में क्रिकेट फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल है—क्या बारिश की वजह से IND vs WI मैच रद्द हो जाएगा?

फिलहाल सिर्फ बारिश के पूर्वानुमान के आधार पर मैच रद्द होने की बात कहना सही नहीं होगा। मैच के दिन मौसम की वास्तविक स्थिति, बारिश की तीव्रता और मैदान की स्थिति पर काफी कुछ निर्भर करेगा। बारिश होती भी है तो मैच में देरी या ओवरों में कटौती जैसी स्थिति बन सकती है। लेकिन अगर मौसम ने साथ दिया, तो मुकाबला तय कार्यक्रम के मुताबिक भी हो सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार 10 अक्टूबर को भी झारखंड के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है, जबकि 11 अक्टूबर से मौसम के साफ होने और राज्य में शुष्क मौसम लौटने का अनुमान है।

फिलहाल क्रिकेट फैंस की नजर सिर्फ टीम इंडिया पर नहीं, आसमान पर भी है। टिकट हाथ में है, मुकाबले का इंतजार है… अब देखना होगा कि 9 अक्टूबर को रांची में क्रिकेट का रोमांच बरसता है या बारिश का पानी।