भारत-वेस्टइंडीज T20 मैच को लेकर रांची में बदलेगा ट्रैफिक रूट, भारी वाहनों की नो-एंट्रीBy Mid Time Bureau Tue, 06 October 2026 05:38 PM

रांची: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को जेएससीए स्टेडियम में होने वाले अंतरराष्ट्रीय T20 क्रिकेट मैच को लेकर रांची पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। मैच के दौरान शहर में वाहनों के सुगम संचालन और संभावित यातायात जाम से बचने के लिए कई मार्गों पर वाहनों के परिचालन और पार्किंग को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

यातायात पुलिस के अनुसार 9 अक्टूबर को सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहन रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। वहीं शालीमार चौक से नार्थ गेट स्टेडियम तक सामान्य वाहनों का परिचालन भी प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि एंबुलेंस और चिकित्सा सेवा से जुड़े वाहनों को विशेष परिस्थिति में आवागमन की अनुमति होगी।

इसके अलावा सुगाता चौक, बिग बाजार कटिंग, राजेंद्र चौक, मेकॉन चौक, एजी मोड़, पीएसओ मोड़, आईलेक्स कटिंग, हिंदू चौक, बिरसा चौक, एचईसी गेट, पुराना विधानसभा, धुर्वा गोलचक्कर, शहीद चौक, देवेंद्र मांझी चौक, कडरू ब्रिज, कडरू कटिंग और अरगोड़ा चौक के बीच छोटे-बड़े मालवाहक वाहनों, ऑटो, टोटो और सवारी वाहनों के परिचालन पर सुबह 6 बजे से मैच समाप्ति तक रोक रहेगी। जरूरत पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी वाहनों को डायवर्ट या रोका जा सकता है।

टिकट के अनुसार तय होगी पार्किंग

पुलिस ने क्रिकेट दर्शकों के लिए टिकट के गेट के अनुसार पार्किंग की व्यवस्था भी बताई है। साउथ गेट और साउथ ईस्ट गेट के टिकटधारी धुर्वा गोलचक्कर, जवाहर स्टेडियम और मियां मार्केट होते हुए प्रभात तारा मैदान पार्किंग में वाहन खड़ा कर पैदल स्टेडियम जा सकेंगे। पार्किंग भर जाने पर डीएवी स्कूल, जवाहर स्टेडियम और संत थॉमस स्कूल परिसर की पार्किंग का इस्तेमाल किया जा सकेगा।

वहीं वेस्ट गेट के टिकटधारी धुर्वा गोलचक्कर, वीर कुंवर सिंह चौक, धुर्वा बस स्टैंड या सैटेलाइट कैंप मोड़ होते हुए सुखुआ मैदान पार्किंग में वाहन खड़ा कर स्टेडियम जा सकेंगे। प्रभात तारा मैदान भरने पर सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल की पार्किंग का विकल्प रहेगा।

नया सराय रिंग रोड से आने वाले दर्शक हाईकोर्ट के सामने हेलीपैड मैदान पार्किंग में वाहन खड़ा कर पैदल तिरिल मोड़ और जेएससीए नार्थ गेट से स्टेडियम पहुंच सकेंगे। वीआईपी और वीवीआईपी पासधारी वाहनों के लिए शालीमार बाजार, प्रभात तारा मैदान और पारस अस्पताल होते हुए नार्थ गेट के पास निर्धारित पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।