
रांची: जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आम लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं और मांगों से उपायुक्त को अवगत कराया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
कांके प्रखंड के नगड़ी क्षेत्र से पहुंचे ग्रामीणों ने क्षेत्र में संचालित और प्रस्तावित विकास योजनाओं के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग रखी। इस पर उपायुक्त ने कहा कि रोजगार से जुड़ी संभावनाओं और जरूरतों को चिन्हित करने के लिए हाउस-टू-हाउस सर्वे कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होने पर स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने की दिशा में पहल की जाएगी।
वहीं, मोरहाबादी मैदान में स्थगित साप्ताहिक बाजार को दोबारा शुरू कराने और दुकानदारों से कथित अवैध वसूली की शिकायत भी उपायुक्त के समक्ष रखी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायत की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध और उचित समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
