भारत-वेस्टइंडीज टी-20 को लेकर पुलिस अलर्ट, सुरक्षा तैयारियों की समीक्षाBy Mid Time Bureau Tue, 06 October 2026 11:01 PM

रांची: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को जेएससीए स्टेडियम, धुर्वा में होने वाले टी-20 क्रिकेट मैच को लेकर रांची पुलिस ने सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की। वरीय पुलिस अधीक्षक रांची की अध्यक्षता में हुई बैठक में मैच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, दर्शकों के प्रवेश, पार्किंग और चेकिंग समेत कई बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। 
बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा, पुलिस अधीक्षक यातायात रांची राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण गौरव गोस्वामी समेत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, जैप-7 हजारीबाग, विशेष शाखा रांची और झारखंड सशस्त्र पुलिस से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के लिए पुलिस मुख्यालय से प्रतिनियुक्त अतिरिक्त पुलिस अधिकारियों एवं पुलिस उपाधीक्षकों ने भी बैठक में हिस्सा लिया। 


बैठक के दौरान स्टेडियम की आंतरिक और बाहरी रूपरेखा को प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रदर्शित कर दर्शकों एवं पासधारकों के प्रवेश की व्यवस्था समझाई गई। अलग-अलग गेट से विभिन्न पवेलियन और विंग में जाने वाले दर्शकों की आवाजाही को लेकर भी अधिकारियों को जानकारी दी गई। 
दर्शकों के वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों की जानकारी भी नक्शे के माध्यम से दी गई। मैच के दौरान तैनात पुलिस अधिकारियों और बलों को उनकी जिम्मेदारियों के संबंध में ब्रीफिंग करने का निर्देश दिया गया। साथ ही दर्शकों की फ्रिस्किंग के दौरान स्टेडियम के अंदर प्रतिबंधित आपत्तिजनक सामान ले जाने पर रोक को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए।