
चाईबासा में बुधवार की सुबह अचानक धरती हिलने से लोगों के बीच हलचल मच गई। सुबह करीब 10 बजकर 38 मिनट पर तेज गड़गड़ाहट के साथ लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए।
अचानक कंपन महसूस होने और आवाज सुनाई देने के बाद कई लोग घबरा गए। कुछ इलाकों में लोग एहतियात के तौर पर अपने घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने घरों और आसपास की इमारतों में कुछ देर तक कंपन महसूस होने की बात कही है।
फिलहाल राहत की बात ये है कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक भूकंप के कारण किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। हालांकि, भूकंप की तीव्रता कितनी थी, इसका केंद्र कहां था और जमीन के कितनी गहराई में इसका केंद्र बना था, इसकी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
झटके महसूस होने के बाद प्रशासन और संबंधित एजेंसियां स्थिति की जानकारी जुटा रही हैं। साथ ही आसपास के इलाकों में भी भूकंप का असर महसूस हुआ या नहीं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रशासन की ओर से लोगों से सतर्क रहने और किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा नहीं करने की अपील की जा रही है।